गोरखपुर। भीषण गर्मी में सड़क पर गाड़ी चलाने जा रहे हैं तो पहले उसका टायर जरूर जांच लें। अत्यधिक गर्मी और पुराना होने की वजह से सड़कें तप रही हैं और टायर फट जा रहे हैं। शनिवार को इसी तरह यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे में पांच लोगों की जान चली गई थी। ऐसे में घर से निकलें तो अपनी गाड़ी के टायर जरूर चेक कर लें।
शहर के चार पहिया वाहन कंपनियों के इंजीनियर की मानें तो अधिकतर मामलों में पुराना टायर या फिर अधिक हवा होने की वजह कार के टायर गरम होकर फट जाते हैं। अगर लोग लंबी दूरी पर जाने से पहले कार के टायर की अच्छे से जांच कर लोग निकलें तो ऐसी घटनाओं को टाला जा सकता है।
कंपनी के इंजीनियर का कहना है कि गाड़ी लेकर बाहर निकलते समय हवा ठीक से चेक करवा कर निकलें। यह ध्यान रखें कि तय मानकों के मुताबिक हवा हो। गर्मियों में सामान्य तौर पर जितनी हवा भरी जाती है, उससे थोड़ी कम ही रखें। सड़कों पर जब गाड़ियां चलती हैं तो टायर गर्म हो जाते हैं। इससे उसके अंदर की हवा भी गर्म होकर फैलने लगती है। ज्यादा हवा भरे होने पर यह इतनी फैल जाती है कि टायर फट जाते हैं। इस वजह से गाड़ी चला रहे शख्स का कंट्रोल छूट जाता है और दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है।
बदलेंं अपनी गाड़ी के पुराने टायर
इंजीनियर ने बताया कि घर से निकलते समय इस बात का ध्यान रखें कि आपकी गाड़ी में लगे हुए टायर ज्यादा पुराने तो नहीं हैं, अगर ऐसा है तो टायर तुरंत बदल लें। आपने काफी समय से गाड़ी नहीं चलाई है और उसे एक ही जगह पार्क किया गया है। तब भी टायरों को बदल दें। पुराने टायर गरम हवा का प्रेशर नहीं सह सकते। उनके फटने की आशंका अधिक रहती है।
इसलिए हाईवे पर फट जाते हैं टायर
इंजीनियर ने बताया कि अक्सर टायर फटने की घटनाएं हाईवे, एक्सप्रेस-वे जैसी सड़कों पर अधिक होती हैंं। ऐसा इसलिए है कि वहां की सड़कें सीमेंट की या डामर से बनाई जाती हैं, ताकि गाड़ियों की रफ्तार में रुकावट न आए, लेकिन लंबी दूरी में गाड़ियों के टायर ज्यादा घिसते हैं। वे नए हों या पुराने, आम दिनों से ज्यादा गरम होते हैं, इससे पिघल कर सड़कों पर टायरों के रबर चिपकने लगते हैं। टायर की सतह पतली होती है और कई बार इस वजह से भी टायर फट जाते हैं।
गर्मी में टायरों में नाइट्रोजन जरूर भरें
गर्मियों में अपनी गाड़ी के टायरों में नाइट्रोजन जरूर भरें। नाइट्रोजन बेहद ठंडा होता है। यह आसानी से हाई प्रेशर को सह सकता है और टायर को ठंडा रखता है। इससे टायर ज्यादा गर्म होकर फटता नहीं है।
एक्सपर्ट कमेंट
गर्मी के दिनों में टायर फटने के मामले आते हैं। इस समय लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। लंबी दूरी पर जाते समय नाइट्रोजन टायर में डलवाना अच्छा रहता है। यह टायर को ठंडा रखता है।
नवाज खान, कार विक्रेता
कई बार लोग बाहर निकल जाते हैं और टायर की तरफ ध्यान भी नहीं देते। अगर टायर पुराना है तो कभी कार हाईवे या एक्सप्रेस-वे पर नहीं दौड़ानी चाहिए। गर्मी में हवा का प्रेशर बढ़ता रहता है, इसलिए हमेशा चेक करवाना चाहिए।
सत्यम मातनहेलिया, कार विक्रेता