थाना क्षेत्र के एकला बाजार निवासी सेवानिवृत्त दरोगा सीताराम के बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाज ने 15.10 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के जीवपुर निवासी पंकज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीताराम ने पुलिस को बताया कि वे उपनिरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं। वर्ष 2020 में बस्ती के एक परिचित ने उनके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का वादा किया। विश्वास में आकर उन्होंने पहले पांच लाख रुपये का चेक और 10 हजार रुपये खाते में भुगतान किए। हालांकि, बेटे को नौकरी नहीं मिली। इसके बाद जालसाज ने वर्ष 2022 में 10 लाख रुपये और मांगना शुरू किया।
सीताराम ने उसे घर बुलाकर 10 लाख रुपये नकद दे दिए। जब बेटे की नौकरी के बारे में पूछा गया, तो जालसाज ने टाल-मटोल करना शुरू कर दिया और बाद में उसने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया।
हाल ही में नौसड़ में मुलाकात के दौरान रुपये वापस मांगने पर जालसाज ने गाली-गलौज की और फौजदारी मामले की धमकी दी। गीडा थाना थाना प्रभारी अश्वनी पांडेय ने बताया कि रिटायर्ड दरोगा की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।