गोरखपुर। डोमिनगढ़ में मेगा ब्लॉक के चलते कैंसिल हुई ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस का संचालन बहाल कर दिया गया है। पहले यह ट्रेन 16 से 26 अक्तूबर तक निरस्त की गई थी, जिसे अब 16 से 22 अक्तूबर तक बहाल कर दिया गया है। इसके साथ ही बरौनी ग्वालियर एक्सप्रेस का पूर्व में 17 से 27 अक्तूबर तक किया गया निरस्तीकरण समाप्त कर दिया गया है। यह ट्रेन भी 17 से 23 अक्तूबर तक संचालित होगी।
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस के संचालन के अलावा कुछ ट्रेनों का शार्ट ओरिजिनेशन भी किया गया है। गोरखपुर से 16 और 23 अक्तूबर को चलने वाली 09112 गोरखपुर-वडोदरा विशेष गाड़ी गोरखपुर के स्थान पर गोमतीनगर के रास्ते ऐशबाग स्टेशन से चलेगी। यह गाड़ी गोरखपुर से लखनऊ के मध्य निरस्त रहेगी। वहीं आनंद विहार टर्मिनस से 16 और 23 अक्तूबर को चलने वाली आनंद विहार टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग आलमनगर के रास्ते गोरखपुर के स्थान पर लखनऊ जं. स्टेशन पर यात्रा समाप्त करेगी। यह गाड़ी लखनऊ से गोरखपुर के मध्य निरस्त रहेगी।
गोरखपुर से 17 और 24 अक्तूबर को चलने वाली गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग आलमनगर के रास्ते गोरखपुर के स्थान पर लखनऊ जं. से चलाई जाएगी। यह गाड़ी भी गोरखपुर से लखनऊ के मध्य निरस्त रहेगी।
-
एनईआर में 27 स्टेशनों पर चल रहा है पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के 27 स्टेशनों पर कंप्यूटरकृत पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम लग गया है, जिसके माध्यम से उपभोक्ता, लगेज (पार्सल) को आसानी से ट्रैक कर पार्सल से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से उपभोक्ताओं को लगेज बुक करने के बाद ट्रेन में उसे चढ़ाने से लेकर गंतव्य स्थान तक पहुंचने की सारी जानकारी मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होती है। इसके अतिरिक्त लगेज ले जाने वाली ट्रेन की जानकारी एवं लोकेशन भी ऑनलाइन उपलब्ध होती है।पूर्वोत्तर रेलवे के 35 स्टेशनों पर इसे लगाने की स्वीकृति प्रदान हो चुकी है।