सामूहिक दुष्कर्म की शिकार युवती छह दिन बाद मंगलवार को परिजनों के साथ आजमगढ़ अपने घर वापस गई। पुलिस ने सोमवार को उसका 161 और 164 का बयान पूरा कराया। कागजी कार्रवाई पूरी कर पिता और अन्य रिश्तेदार उसे ले गए। जाते समय पिता ने दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की पुलिस से गुहार भी लगाई।
केस में मेडिकल और कोर्ट में बयान देने के लिए पीड़िता का परिवार यहां रुका था। मंगलवार को वह लोग आजमगढ़ के लिए रवाना हुए। पीड़िता के पिता मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते हैं। वह ताहिर की गिरफ्तारी से संतुष्ट थे, लेकिन दूसरे आरोपी को भी देखना चाह रहे थे। इस वजह से भी वह यहां रुके थे।
यह था पूरा मामला
दो मई की सुबह आजमगढ़ जिले की युवती घर से नाराज होकर निकली थी। रास्ते में संतकबीरनगर निवासी खलीलाबाद टयूबवेल कॉलोनी मोतीनगर निवासी मो. ताहिर अली मिला। युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर ताहिर उसे गोरखपुर लाया।
यहां सहजनवां क्षेत्र में ले जाकर एक खेत में ताहिर ने दोस्त के भाई संग युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया। तीन मई को सूचना मिलने पर पीड़िता के परिवार के लोग यहां पहुंचे और सहजनवां थाने में पिता ने केस दर्ज कराया।
दूसरे आरोपी की तलाश कर रही पुलिस
तीन मई को पुलिस मुठभेड़ में सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी ताहिर के पैर में गोली लगने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं फरार चल रहे दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है। पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है।