रामगढ़ताल में प्लेटफार्म नंबर एक से बोटिंग का अधिकार पाने के लिए सर्वाधिक 18 लाख 60 हजार रुपये की बोली लगाने वाली फर्म अनुबंध के लिए नहीं आ रही है। हीलाहवाली करने पर जीडीए की ओर से अंतिम नोटिस जारी किया जा चुका है। 26 अक्तूबर को उसकी समय सीमा समाप्त हो चुकी है। अब जीडीए इस मामले में अंतिम निर्णय लेने की तैयारी में है।
प्लेटफार्म नंबर एक से बोटिंग संचालन का अधिकार पाने के लिए बोली लगाई गई थी। जीडीए की ओर से आधार मूल्य एक लाख 10 हजार रुपये तय किया गया था। पिछली बार यहां नाव संचालित करने वाली फर्म ढाई लाख रुपये महीना से अधिक किराया देती थी, लेकिन इस साल जब पहली बार बोली लगी तो एक फर्म एक लाख 70 हजार रुपये में ही बोली जीतने में सफल रही, लेकिन प्राधिकरण ने प्रस्ताव निरस्त कर दिया।
दोबारा बोली लगाई गई। सर्वाधिक बोली 18 लाख 60 हजार रुपये की लगी, लेकिन फर्म अब अनुबंध को आगे नहीं आ रही है। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि रामगढ़ताल में प्लेटफार्म नंबर एक से बोटिंग के लिए सर्वाधिक बोली लगाने वाली फर्म अभी अनुबंध के लिए नहीं आयी है। अंतिम नोटिस दिया जा चुका है।