-रेलवे पेंशनरों के लिए एनई रेलवे स्कूल में लगा जागरूकता शिविर
गोरखपुर। रेलवे पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए बृहस्पतिवार को एनई रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल, जटेपुर रेलवे कॉलोनी में जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें करीब 15 सेवानिवृत्त शिक्षणेत्तर कर्मचारी शामिल हुए। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर आयोजित शिविर में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. वीरजी श्रीवास्तव ने डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र की उपयोगिता और महत्व के बारे में बताया। पेंशनरों को ऑनलाइन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही मोबाइल के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन और अन्य उपलब्ध विकल्पों से जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य पेंशनरों को डिजिटल सुविधाओं के प्रति जागरूक करना और प्रमाणपत्र जमा करने में होने वाली परेशानियों को दूर करना था।