बड़हलगंज। थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में एक विवाद के निपटारे को लेकर रिश्वत के आरोप में मारपीट की घटना सामने आई है। इसमें दरोगा की वर्दी भी फट गई है। जानकारी के अनुसार, विवाद के समाधान के लिए कथित रूप से 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। पीड़ित पक्ष ने तय राशि भेज दी, लेकिन वह रकम कथित रूप से संबंधित दरोगा तक नहीं पहुंची। इस पर दरोगा अपने एक सहयोगी के साथ रकम लेने के लिए गांव पहुंचे। इसी दौरान लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ लोग घटना का वीडियो बनाने लगे, जिस पर दरोगा ने आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई और मामला मारपीट में बदल गया। इस दौरान दरोगा की वर्दी भी फट गई। ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और दरोगा बिना किसी निष्कर्ष के लौट गए। ग्रामीणों का कहना है कि पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया है। थानाप्रभारी सुनील कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।