रामगढ़ताल पुलिस ने शनिवार रात कार सवार तीन दोस्तों को पकड़ लिया। वे पुलिस के रोकने पर भागने की कोशिश कर रहे थे। तलाशी में उनके पास से दो पिस्टल, नौ कारतूस बरामद हुए । पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनको कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
रामगढ़ताल पुलिस शनिवार रात करीब दो बजे गस्त पर थी। इस दौरान आजाद नगर के पास एक कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों के रोकने पर वह भागने का प्रयास किए। लेकिन पुलिस ने पीछा कर उनको पकड़ लिया। कार में सवार तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेकर तलाशी ली।
उनके पास से दो पिस्टल और नौ कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उनकी पहचान झंगहा क्षेत्र के गहिरा गांव निवासी बहादुर यादव के पुत्र अंगद यादव, देवरिया जिले के भलुवनी क्षेत्र के जरार मानिक निवासी रमाशंकर सिंह के पुत्र अमन सिंह, शहर में निवास बुद्ध विहार पार्ट सी और रामगढ़ताल के विवेकपुरम भरवलिया निवासी जगदंबा सिंह के पुत्र अनंत सिंह के रूप में हुई।
अमन के पास से उसके पिता की लाइसेंसी और अंगद के पास से अवैध पिस्टल मिला है। अमन के पिता रमाशंकर सिंह होमगार्ड विभाग में तैनात हैं। जबकि अंगद के पिता बहादुर यादव झंगहा में लाइनमैन हैं।
दोस्त की कार लेकर निकले थे घूमने
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि तीनों एक साथ शहर के एक कान्वेंट स्कूल में पढ़ाई किए हैं। कार बुलंदशहर के रहने वाले अमन के दोस्त की है, जो स्क्रैब कारोबारी है। अंगद के पास मिली अवैध पिस्टल भी उसी की बताई जा रही है। अमन दोस्त की कार अपने पास रखा हुआ था। वह कार से ही नैनीताल घूमने गए थे। वहां से आने के बाद शहर में वह घूमने निकले थे। इस दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने कार को भी सीज कर दिया है।