गोरखपुर। युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दो बदमाशों को काेतवाली थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह गिरफ्तार किया। तीन माह पहले हुई घटना में मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही दोनों फरार चल रहे थे। एसएसपी ने इनके ऊपर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि दो जून 2024 को अलहदादपुर में रहने वाले प्रसून मिश्रा बैंक रोड पर आए थे। आरोप था कि कोतवाली क्षेत्र के जगरनाथपुर में रहने वाले संजयन मिश्रा उर्फ शनि व राजघाट के बसंतपुर में रहने वाले सैयद नसीम उर्फ अली अब्बास ने पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला कर दिया। प्रसून की तहरीर पर तीन नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कोतवाली थाना पुलिस तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार की सुबह संजयन मिश्रा उर्फ शनि व सैयद नसीम को गिरफ्तार किया गया।