गोरखपुर। मोहद्दीपुुर उपकेंद्र से जुड़े बिछिया के लोगों को आए दिन बिजली का संकट झेलना पड़ रहा है। बुधवार को सुबह केबिल कट जाने से लोगों को दिनभर बिजली नहीं मिली। शाम को बिजली आई भी तो कुछ ही देर में फिर फॉल्ट के कारण फिर कटौती हो गई। किसी तरह से रात में कर्मचारियों ने फॉल्ट ठीक किया, लेकिन बिजली रातभर आती-जाती रही। शुक्रवार को लो-वोल्टेज की नई समस्या ने उन्हें पूरे दिन परेशान किया। बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी दिनभर फॉल्ट को ढूंढने में लगे रहे। बिछिया में लगभग 25 पोल पर चढ़ने के बाद आखिरकार बिछिया के पार्षद के घर के पास के खंभे पर जंपर कटा मिला। कर्मचारियाें ने इसे ठीक किया, जिसके बाद शाम 4:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
दो दिन व एक रात हुई बिजली की समस्या को लेकर मोहल्ले वासियों को काफी परेशानी हुई। बिजली की व्यवस्था से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित रही। दिन व रात में पानी की समस्या से लोग जूझते रहे। रात में भी सुकून भरी नींद नसीब नहीं हुई। आलम यह था कि लोगों के इनवर्टर भी जवाब दे गए, जिससे कई लोगों का मोबाइल भी चार्ज नहीं होने से बंद हो गया। फाॅल्ट की तलाश में बिजली कर्मचारियों ने बुधवार को रेलवे लाइन के किनारे कटे केबिल को भी चेक किया। बिजली विभाग बृहस्पतिवार शाम 4:30 बजे आपूर्ति बहाल करने में कामयाब हुआ।
बिजली निगम के अधिशासी अभियंता लवलेश कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र में लोड ज्यादा होने से समस्या हुई है। 50 कर्मचारी फॉल्ट को खोजने में लगाए गए थे। आखिर में जंपर कटा मिला, जिसे ठीक कराकर आपूर्ति बहाल की गई।