लुकआउट नोटिस पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट दिल्ली से शनिवार को जिले के इनामी पशु तस्कर को सुरक्षा कर्मियों ने दबोच लिया। उसकी पहचान कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना के लाला गुरवलिया शेख टोला निवासी निवासी सोनू शेख उर्फ वाजिद राज उर्फ शाहिद आलम के रूप में हुई।
दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर रविवार को रामगढ़ताल थाना पुलिस उसे गोरखपुर लेकर आई। पूछताछ के बाद उसे स्पेशल कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया गया। रामगढ़ताल थाना प्रभारी चितवन कुमार ने बताया है कि सोनू शेख पर कुशीनगर, रामगढ़ताल, तिवारीपुर और चौरीचौरा थाने में गो तस्करी, हत्या की कोशिश और गैंगस्टर समेत अन्य मामलों में 10 केस दर्ज हैं।
जिले के तीन थानों से आरोपी वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी के लिए 14 अगस्त 2024 को 10 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। इसके बाद लुकआउट नोटिस जारी किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि जिले के विभिन्न थाने में दर्ज केस में वांछित था। वह काफी समय से भागा हुआ था। इसी बीच कुशीनगर से आरोपी ने पासपोर्ट बनवा लिया और सऊदी अरब भाग गया। शनिवार को वह सऊदी अरब से फ्लाइट से दिल्ली आया, जहां पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे दबोच लिया और गोरखपुर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पर किया था लाठी-डंडे से हमला, लगा था गैंगस्टर
रामगढ़ताल क्षेत्र में 15 अगस्त 2024 की देर रात डयूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों पर सोनू शेख ने लाठी-डंडे से हमला किया था। इस घटना में उसके साथ तीन और बदमाश शामिल थे। पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई थीं। थाने के तत्कालीन आरक्षी रोहित रजक ने हत्या की कोशिश व मारपीट का केस दर्ज कराया था। इसके बाद गैंगस्टर का भी केस दर्ज किया गया था।
सोनू शेख पर विभिन्न थानों में 10 केस दर्ज हैं। वह करीब दो साल से भागा हुआ था। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। दिल्ली एयरपोर्ट पर उसे पकड़ लिया गया है:
अभिनव त्यागी, एसपी सिटी