फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: अब चैन से सो सकेंगे बड़हलगंज वाले, 'ड्रोन' करेगा चौकीदारी- लगातार चोरियों ने छीन ली थी नींद

Thu, 04 Jul 2024 06:48 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
गांवों में ड्रोन से ग्रामीण कर रहे चोरों की निगरानी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन
लगातार चोरियों से परेशान बड़हलगंज वासियों ने चैन की नींद सोने का इंतजाम कर लिया है। चोरियां रोक पाने में असफल पुलिस को बार-बार टोकने के बजाय गांव वालों ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। बड़हलगंज इलाके के कई गांवों में लोगों ने चंदा लगाकर एक से डेढ़ लाख कीमत के ड्रोन खरीदे हैं, ताकि रात में चोरों पर नजर रखी जा सके।
विज्ञापन


गांवों में सड़क, गलियों और चौराहे पर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। पिछले एक माह से बड़हलगंज, गोला, गगहा, उरुवा, सिकरीगंज, खजनी, बांसगांव और बेलीपार आदि इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं।

लगातार घटना होने और चोरों के नहीं पकड़े जाने से ग्रामीण दहशत में हैं। वे रात में टोली बनाकर गांव में भ्रमण कर रखवाली कर रहे हैं। इसके बावजूद आए दिन चोरी की घटना प्रकाश में आ रही है।
विज्ञापन


चोरी की घटना को रोकने के लिए गांवों में सड़क, गलियों और चौराहे पर अभियान चलाकर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। ग्रामीण, चंदा लगाकर हाईमास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरा लगवा रहे हैं। इसके साथ ही कुछ गांवों में चंदा लगाकर ड्रोन भी खरीदा गया है।

बड़हलगंज इलाके के महुआपार, खजुरी पांडेय, चौतीसा, सिधुआपार, ओझौली, कोड़ारी और मिश्रौली गांव में हाईटेक ड्रोन से निगरानी की जा रही है।





 
विज्ञापन

ड्रोन( सांकेतिक) - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एक से डेढ़ लाख में खरीदा ड्रोन
चौतीसा के प्रधान आदर्श शाही ने बताया कि 1.33 लाख रुपये में ड्रोन खरीदा गया है। सिधुआपार के प्रधान दिनेश पांडेय ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर ड्रोन खरीद कर निगरानी कराई जा रही है। कोड़ारी के प्रदीप सिंह, ओझौली के अरुण ओझा ने बताया कि भ्रमण के साथ गांव के आसपास खेत में ड्रोन उड़ाकर सतर्कता बरती जा रही है।

मिश्रौली के प्रधान ने बताया कि डेढ़ लाख रुपये में गोरखपुर से ड्रोन खरीद कर गांव की निगरानी करवा रहे हैं।

शादियों में कैमरा चलाने वालों से सीखा ड्रोन उड़ाना
ड्रोन खरीदने के बाद सबसे बड़ी समस्या उसके संचालन को लेकर हुई। इसके लिए ग्रामीण शादी एवं अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में ड्रोन चलाने वाले वीडियोग्राफरों की मदद ले रहे हैं। चौतीसा के प्रधान आदर्श शाही ने बताया कि वह शादी विवाह में ड्रोन को उड़ाने वालों की मदद से उसका संचालन सीख निगरानी करवा रहे हैं।

बड़हलगंज में एक माह में हुईं चोरी की 25 घटनाएं
बड़हलगंज इलाके में अकेले एक माह में चोरी की 25 से अधिक घटनाएं हुई हैं। छपिया, टांड़ा, बेलसड़ी, सिधुआपार, जमीने, सुरदापार, जाईपार, मुजौना, पोहिला, महुलिया आदि गांव में चोरी की घटना प्रकाश में आ चुकी है। हर घटना में पुलिस ने केस तो दर्ज किया, लेकिन चोरों को पकड़ने में अबतक नाकामयाब है।

एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार तोमर ने बताया कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए गांवों में ग्राम सुरक्षा समिति का गठन कर उनको जागरूक किया गया है। समिति की सक्रियता के चलते चोरी की घटनाओं में कमी आई है। चोरी की घटनाओं के पर्दाफाश के लिए सर्विलांस टीम के साथ पुलिस लगी हुई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें