विभागों ने जारी की समय सारिणी, विद्यार्थियों के लिए होगा ओरिएंटेशन प्रोग्राम
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सत्र 2024-25 का आगाज बृहस्पतिवार से होगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कई विभागों ने नए सत्र के लिए समय सारिणी जारी कर दी है ताकि पहले दिन से ही विद्यार्थियों की कक्षाओं के संचालन में कोई कठिनाई न आए।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने सभी डीन को अपने संकाय से संबंधित विभागाध्यक्षों की बैठक बुलाकर समीक्षा करने के लिए कहा है। इसका उद्देश्य नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को पूरा करना और शिक्षक की जिम्मेदारियों और शिक्षण कार्यों का आवंटन के साथ पाठ्यक्रम कार्यक्रम व समय सारिणी को अंतिम रूप देना है। नए छात्रों का स्वागत भी किया जाएगा। इसके साथ ही उनके लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम भी आयोजित किया जाएगा।
-
कॉलेजों को भी निर्देश
11 जुलाई से विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों में तृतीय, पंचम, सप्तम, एवं नवम सेमेस्टर और परास्नातक तृतीय सेमेस्टर की कक्षाओं का संचालन शुरू हो जाएगा। इसे लेकर कुलसचिव की ओर से कॉलेजों को तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
शुरू होगा छात्रावास आवंटन
सत्र शुरू होने के कुछ दिनों बाद ही पुराने छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। अब जिन विद्यार्थियों का 6 सीजीपीए या उससे अधिक होगा और रहन-सहन अच्छा होगा, उन्हें हॉस्टल आवंटन में वरीयता दी जाएगी।