होटल गंगेज से धर्मशाला जाने वाली सड़क के किनारे बाबीना होटल की कामर्शियल जमीन पर नगर निगम पीपीपी मॉडल पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और पार्किंग का निर्माण कराएगा। इसके लिए एजेंसी का चयन होगा, जो निर्माण कराने के साथ ही इसका संचालन भी करेगी।
एजेंसी चयन के लिए नगर निगम ने एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी किया है। इच्छुक फर्में 16 फरवरी तक निविदा डाल सकेंगी। जटेपुर दक्षिणी की होटल गंगेज से धर्मशाला जाने वाली यह कामर्शियल रोड घनी आबादी के बीच है। यहां वाहनों का काफी दबाव रहता है, लेकिन पार्किंग के लिए कोई उचित इंतजाम नहीं है।
नगर निगम चयनित फर्म को 30 साल के लिए जमीन देगी लेकिन मालिकाना हक नगर निगम का ही रहेगा। चयनित फर्म कामर्शियल कॉम्प्लेक्स और पार्किंग का डिजाइन करेगी। कॉम्प्लेक्स का रखरखाव और संचालन भी चयनित फर्म करेगी।
कॉम्प्लेक्स का बिजली कनेक्शन, बिल भुगतान, स्वच्छता और नागरिक सुविधाएं चयनित फर्म को ही उपलब्ध करानी होगी। अनुबंध की अवधि खत्म होने के उपरांत नगर निगम को संचालित हालत में सौंपना होगा। चयनित फर्म को फर्म का निर्माण गोरखपुर विकास प्राधिकरण के नक्शा पास कर बनाना होगा।
सर्वाधिक वार्षिक किराया देने वाली फर्म का होगा चयन
नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय चौहान ने कहा कि सर्वाधिक वन टाइम प्रीमियम और 30 साल तक सर्वाधिक वार्षिक किराया देने वाली फर्म का ही चयन किया जाएगा। वार्षिक किराए में हर साल 05 फीसदी की बढ़ोतरी होगी।
इससे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के मुताबिक निगम की आय में इजाफा होगा। महानगर में स्वरोजगार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। पार्किंग की समस्या का समाधान मिलेगा। 30 साल की अवधि उपरांत नगर निगम के पास अपनी संपत्ति होगी।