गोरखपुर। प्रयागराज जंक्शन पर चल रहे ब्लॉक के चलते मुंबई-पुणे समेत पश्चिम व दक्षिण भारत की तरफ जाने वाली ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चल रही हैं। इस वजह से ट्रेनों की औसत गति बिगड़ गई है। कुशीनगर एक्सप्रेस, पुणे एक्सप्रेस, गोदान एक्सप्रेस और दादर स्पेशल समेत कई ट्रेनें देर से चल रही हैं। इससे मुंबई की तरफ जाने वाली यात्री परेशान हो रहे हैं। शनिवार को दादर स्पेशल साढ़े तीन घंटे की देरी से गोरखपुर स्टेशन से रवाना हुई।
प्रयागराज में अगले साल लगने वाले महाकुंभ को देखते हुए वाराणसी-प्रयागराज और प्रयागराज जंक्शन-रामबाग के बीच दोहरीकरण समेत कई कार्य तेजी से पूरा कराए जा रहे हैं। प्रयागराज जंक्शन पर चल रहे कार्याें की वजह से मुंबई, पुणे, अहमदाबाद आदि शहरों के लिए जाने वाली ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है। इस वजह से शुक्रवार को कई ट्रेनें देर से चलीं। इसके बाद शनिवार को भी दादर स्पेशल दोपहर ढाई बजे के बजाए शाम छह बजे रवाना की गई। मुंबई की तरफ से आ रही कुशीनगर एक्सप्रेस रास्ते में चार घंटे की देरी से चल रही है। वहीं गोरखपुर से मुंबई गई कुशीनगर एक्सप्रेस करीब 11 घंटे की देरी से चल रही है। यही हाल गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस का भी है।
पहले लगी गोरखधाम तो मिली राहत
गोरखपुर। डोमिनगढ़ में ब्लॉक के चलते 34 ट्रेन कैंसिल है, जबकि 64 परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रही हैं। डायवर्जन के चलते गोरखधाम, वैशाली आदि ट्रेनों में भीड़ बढ़ी हुई है। शनिवार को गोरखधाम ट्रेन दोपहर तीन बजे से पहले ही प्लेटफाॅर्म पर आ गई। इससे इस ट्रेन के यात्रियों को आराम से चढ़ने का मौका मिला। जनरल कोच में धक्का-मुक्की करने वाले यात्री भी थोड़ी देर बाद शांत हो गए। शनिवार को दिल्ली जाने वाली भीड़ भी अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही, इसलिए भी स्थिति संभालने में सुविधा हुई।