गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीटेक में 94 सीटें रिक्त हैं। इन सीटों पर 13 अगस्त को स्पॉट काउंसिलिंग के जरिये प्रवेश लिया जाएगा। अंतिम चरण में प्रवेश को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। एमएमएमयूटी के डीन यूजी प्रो. विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को एडमिशन निरस्त कराने के लिए 11 अगस्त तक का मौका था। इस दौरान कुल 94 विद्यार्थियों ने प्रवेश निरस्त कराया है। अब बीटेक में मैकेनिकल में 12, सिविल में 47 और केमिकल इंजीनियरिंग में 35 सीटें रिक्त हैं। स्पॉट काउंसिलिंग के लिए पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों को बुधवार सुबह 9 से 10 बजे के बीच मल्टीपरपज हॉल में उपस्थित होना होगा। दोपहर एक बजे मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी। दो बजे से प्रमाणपत्रों के सत्यापन और हॉस्टल एलाटमेंट किए जाएंगे। इन विद्यार्थियों की कक्षाएं 14 से संचालित होंगी।