रविवार को मिस्त्री को दुकान से बुलाकर ले गए थे कुछ लोग
अचेत अवस्था में परिजन युवक को कैंपियरगंज से लेकर आए घर
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कैंट इलाके के बेतियाहाता चौराहे पर रविवार को खराब बुलेट बनाने गया मिस्त्री शशांक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। सोमवार को वह कैंपियरगंज के जंगल में अचेत अवस्था में मिला। फोन आने पर परिजन उसे दोपहर करीब 12 बजे घर लेकर आए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस का कहना है कि जंगल में मिला शशांक अभी पूरी तरह से होश में नहीं है। होश में आने पर घटनाक्रम का पता चलेगा। उसे कौन लोग ले गए थे, क्या थी वजह, इसके बारे में शशांक से पुलिस पूछताछ करेगी।
गोरखनाथ इलाके के जटेपुर उत्तरी निवासी रवि प्रकाश शर्मा ने रविवार को कैंट पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनकी बेतियाहाता-अलहदादपुर रोड पर बुलेट बनाने की दुकान है। रविवार को उनका बेटा शशांक शर्मा मौजूद था। दोपहर बाद करीब तीन बजे एक गमछे से मुंह ढंका युवक पहुंचा और बेतियाहाता चौराहे के पास बुलेट खराब होने की जानकारी दी। मिस्त्री के व्यस्त रहने पर शशांक स्वयं ठीक करने उसके साथ चला गया। इसके बाद से ही उसका मोबाइल बंद जा रहा है। उन्होंने बेटे के अपहरण की आशंका जाहिर की थी।