गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 56 लाख रुपये बकाए के चलते पराग डेयरी ने मंगलवार से दूध की आपूर्ति बंद कर दी है। बुधवार को मरीजों को दूध नहीं मिल सका। मरीजों के तीमारदार मजबूरी में बाजार से दूध खरीद कर ला रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज में पराग डेयरी प्रतिदिन छह सौ लीटर दूध की आपूर्ति करती है। मंगलवार को जब दूध नहीं पहुंचा तो लोगों को लगा कि गाड़ी खराब होने या अन्य किसी कारण से दूध नहीं आया है। बुधवार को भी जब दूध नहीं पहुंचा तो अस्पताल प्रबंधन ने कंपनी से बात की। पता चला कि भुगतान लंबित होने के कारण दूध की आपूर्ति रोकी गई है। दूध नहीं मिलने से सबसे ज्यादा दिक्कत उन रोगियों को हो रही है, जिनका ऑपरेशन हुआ है या होने वाला है। ऐसे रोगियों को लिक्विड आहार ही दिया जाता है। दूध न मिलने से उनके सामने दिक्कत बढ़ गई है। मरीजों के तीमारदार बाहर दूध खरीदकर ला रहे हैं।
कोट
पिछले वित्तीय वर्ष का पूरा भुगतान डेयरी कंपनी को कर दिया गया है। इस वित्तीय वर्ष का बाकी है। शासन से धन आते ही वह भी भुगतान कर दिया जाएगा। कंपनी से दूध की आपूर्ति शुरू करने के लिए बात की जा रही है। जल्द ही मरीजों को पहले की तरह दूध मिलने लगेगा।
- डाॅ. रामकुमार जायसवाल, प्राचार्य, बीआरडी मेडिकल काॅलेज