बीआरडी मेडिकल कालेज के जूनियर डॉक्टरों पर फिर तीमारदारों से मारपीट का आरोप लगा है। मामला मंगलवार देर रात का है। एक घटना ट्रॉमा सेंटर तो दूसरी मेडिसिन वार्ड की है। मारपीट में एक तीमारदार की नाक फूट गई, जबकि एक जूनियर डॉक्टर को भी चोट लगी है।
पीड़ित तीमारदारों ने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम चौरी चौरा थाना क्षेत्र के सरदार नगर का रहने वाला एक व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था।
रात करीब 11 बजे उसे बीआरडी मेडिकल कालेज के ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहां मौजूद अंबु बैग जूनियर डाॅक्टरों ने मरीज को लगा दिया और तीमारदार को नया अंबु बैग खरीद कर लाने को कहा। तीमारदार ने रुपये नहीं होने की बात कहते हुए उसी अंबु बैग से काम चलाने की बात कही।
आरोप है कि इस पर ट्राॅमा सेंटर में मौजूद जूनियर डाक्टर नाराज हो गए और तीमारदार को पीट दिया। इससे करीब आधे घंटे तक ट्रामा सेंटर में अफरातफरी का माहौल रहा। कुछ देर बाद मरीज ने दम तोड़ दिया। दूसरी तरफ, गोला थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाले व्यक्ति को सर्जरी विभाग से मेडिसिन वार्ड में शिफ्ट किया गया, जहां कुछ देर बात उसकी मौत हो गई।
मृत घोषित करने के लिए जूनियर डाक्टर ईसीजी कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहते थे। इसका तीमारदारों ने विरोध किया। बात बढ़ गई और तीमारदार और जूनियर डाक्टरों में हाथापाई हो गई। इस झगड़े में एक तीमारदार की नाक फूट गई,जबकि जूनियर डॉक्टर को भी चोट आई।
इस संबंध में सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह का कहना है कि यह मामला संज्ञान में नहीं है। मेडिकल चौकी पुलिस से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।