सहजनवां। कस्बे में रविवार की शाम बिना शट डाउन लिए खंभे पर चढ़कर फाल्ट ठीक करने पहुंचा प्राइवेट लाइनमैन झुलस गया। बाद में लाइन बंद होने पर पोल से नीचे गिर गया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सहजनवां थाना क्षेत्र के तेनुहारी निवासी 35 वर्षीय वीर बहादुर साहनी पहले नगर पंचायत के बिजली विभाग में संविदा पर लाइन मेन के रूप में तैनात था। कुछ माह से कार्य छोड़कर विभाग में तैनात संविदा कर्मियों के साथ काम करता था।
सहजनवां कस्बे के काली मंदिर के पास रविवार को एक व्यक्ति ने फाल्ट की शिकायत संविदा कर्मी से की। उसके कहने पर वीर बहादुर रविवार को दोपहर 3:40 बजे बिना शट डाउन लिए ही पोल पर चढ़ गया। इसी दौरान एलटी तार से उसका शरीर चिपक गया और चिल्लाने लगा। उपकेंद्र पर फोन कर आपूर्ति बंद कराई गई, लेकिन आपूर्ति बंद होते ही वीर बहादुर नीचे सड़क पर गिर गया। उसके मुंह, नाक, कान आदि से खून बहने लगा।
स्थानीय लोग उसे सीएचसी लेकर गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वीर बहादुर की शादी हो गई है और दो बेटियां हैं। एसडीओ सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि बिना शट डाउन के ही प्राइवेट लाइनमैन खंभे पर चढ़ गया था और एलटी लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई। इसमें एक संविदा कर्मी की लापरवाही सामने आ रही है। जेई से रिपोर्ट लेकर कार्रवाई की जाएगी।