पादरी बाजार (गोरखपुर)। मोहनापुर में आबादी के बीच पिछले 10 दिन से तेंदुआ घूम रहा है। इससे आसपास के लोग दहशत में हैं। रात में उन्हें नींद नहीं आ रही। डर से बच्चे स्कूल नहीं जा रहे। वन विभाग की टीम उसकी तलाश कर रही है, लेकिन तेंदुआ उनकी पकड़ से दूर है।
दो बार वह सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में देखा गया है, लेकिन पिछले पांच दिनों से उसकी कोई हरकत कैद नहीं हुई है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि वह वापस जंगल की तरफ चला गया है।
मोहनापुर में तेंदुआ पहली बार 28 जुलाई की भोर में एक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में देखा गया था। उसी दिन तेंदुए ने एक महिला के चेहरे पर हमला भी किया था। हालांकि, फूल तोड़ने गई महिला उसे देख नहीं पाई। उसे लगा कि कुत्ते ने हमला किया है लेकिन डॉक्टर के पास जाने पर पता चला कि यह किसी बड़े जानवर का हमला है।
इसके बाद शाम को सीसीटीवी फुटेज का वीडियो वायरल होने लगा। वन विभाग की टीम ने भी उसी दिन से तलाश शुरू कर दी। दो दिन बाद एक घर के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दोबारा तेंदुआ दिखा। इसके बाद से वह कहां रह रहा है, इसके बारे में किसी को भी नहीं पता। दो बार तेंदुआ रात में ही देखा गया है लेकिन मोहल्ले में स्ट्रीट लाइट कम हैं, इसलिए दिक्कत हो रही है।
इसके लिए वन विभाग ने कोलकाता से थर्मल ड्रोन मंगवाए हैं। इसके आने के बाद रात में पूरे इलाके की निगरानी की जाएगी।
झाड़ियों में रह रहा तेंदुआ
मोहनापुर में कई खाली प्लॉट हैं। चारों तरफ से बाउंड्रीवॉल बनवाकर लोगों ने छोड़ दिया है। बरसात में इसमें बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। वन विभाग के लोगों का कहना है कि तेंदुआ इन्हीं किसी प्लॉट या खाली मकान में रह रहा है। इलाके में कुत्ते और सियार हैं, उन्हें अपना भोजन बना लेता है। हालांकि, पिछले चार-पांच दिनों से तेंदुआ नजर नहीं आया है।
सीसीटीवी फुटेज देख रही टीम
वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पांच टीमें लगाई हैं। ये टीमें रात में इलाके में गश्त कर रही हैं। साथ ही मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देख रही है ताकि तेंदुए की किसी भी गतिविधि की जानकारी मिल सके।