गोरखपुर। गोरखपुर में 15.62 करोड़ की लागत से बनने वाले सूबे के दूसरे ज्ञान विज्ञान पार्क का निर्माण जयपुर की फर्म करेगी। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने इसका वर्क आर्डर जारी कर दिया है। फर्म के जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर देने की संभावना है। वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला परिसर में महंत अवेद्यनाथ ज्ञान विज्ञान पार्क का निर्माण होना है। मार्च 2024 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिलान्यास कर चुके हैं।
जीडीए की देखरेख में वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला परिसर में ज्ञान विज्ञान पार्क के होने वाले निर्माण के लिए शासन से फरवरी में ही पहली किश्त करीब चार करोड़ रुपये जारी हो चुका है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जयपुर की फर्म मेसर्स चंद्रा इवेंट्स एंड प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड को काम कराने का टेंडर मिला है।
इस फर्म को पांच जुलाई 2024 से कार्य प्रारंभ कर चार मार्च 2026 तक पूर्ण कर लेना होगा। पहले चरण में सिविल वर्क का काम पूरा कराया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में साइंस मॉडल का काम पूरा कराने की योजना है। महंत अवेद्यनाथ साइंस पार्क में देश के कई वैज्ञानिकों के स्टैच्यू भी लगेंगे।
खेल-खेल में विज्ञान को करीब से जान सकेंगे छात्र
ज्ञान विज्ञान पार्क में
बच्चों को कई तरह की आधुनिक जानकारियां मिल सकेंगी। नक्षत्रशाला के प्रति पहले से ही छात्रों का आकर्षण था, लेकिन समय की मांग थी कि विज्ञान की आधुनिक तकनीक और हो रहे परिवर्तनों की छात्रों को जानकारी मिले। इस पार्क में लैंडस्केपिंग के जरिए सुंदर आकृतियों को भी उकेरा जाएगा। इसमें स्पेस साइंस गैलरी भी बनाई जाएगी। इसके माध्यम से विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आए बदलाव से छात्रों को अवगत कराया जाएगा। विज्ञान पार्क में छात्र को खेल-खेल में साइंस को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
-
कोट...
नक्षत्रशाला में बनने वाले महंत अवेद्यनाथ ज्ञान विज्ञान पार्क के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जयपुर की फर्म को निर्माण कार्य कराने का टेंडर मिला है। कार्यदायी संस्था को चार मार्च 2026 तक निर्माण कार्य पूरा करा लेने का लक्ष्य दिया गया है। यहां एक स्पेस विज्ञान गैलरी भी बनाई जाएगी। इसके माध्यम से विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में आए बदलावों को छात्रों को दिखाया जाएगा।
- नरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता, जीडीए