शहर के पहले कल्याण मंडपम का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसके साथ ही चरगांवा में गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन, गुलरिहा में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (एबीसीएस), नौसड़ में एनिमल इंसीनरेटर और नगर निगम के पुराने भवन में संग्रहालय का निर्माण भी अंतिम चरण में है।
इन सभी परियोजनाओं का लोकार्पण जल्द ही मुख्यमंत्री योगी कर सकते हैं। चरगांवा में बने गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस स्टेशन के शुरू हो जाने के बाद सभी वार्डों का कूड़ा घरों से एकत्रित कर पड़ाव-घर में न ले जाकर सीधे गार्बेज स्टेशन पर ले जाया जाएगा।
वर्तमान में लालडिग्गी पार्क क्षेत्र स्थित बसंतपुर में गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन संचालित हो रहा है। यहां शहर के करीब 30 वार्डों का कूड़ा पहुंचता है।
कल्याण मंडपम के लिए फर्म का चयन जल्द : खोराबार में बन रहे शहर के पहले कल्याण मंडपम का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। विद्युत सब स्टेशन के पास 4.25 करोड़ रुपये की लागत से कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएनडीएस) कल्याण मंडपम का निर्माण कर रहा है।
मंडपम में एक मल्टीपरपज हॉल, आठ कमरे, गेस्ट रूम, पार्किंग, कॉंफ्रेंस हॉल बनाया गया है। मल्टीपरपज हॉल में 300 लोगों के बैठने की क्षमता है। संचालन के लिए जल्द ही फर्म का चयन किया जाएगा।
कुत्तों के आतंक से मिलेगा छुटकारा : गुलरिहा में नगर निगम के एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (एबीसीएस) एवं डॉग केयर का निर्माण कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस कर रही है। 1700 वर्ग मीटर में 1.85 करोड़ की लागत वाले सेंटर के संचालन के लिए निजी एजेंसी का चयन कर लिया गया है। काम भी अंतिम चरण में है। प्रतिदिन 41 श्वान की नसबंदी की क्षमता के साथ 30 डॉग्स के देखभाल की क्षमता है।