सरदारनगर। चौरीचौरा थानाक्षेत्र के तिलौली गांव निवासी संदीप यादव (30) का शव दुबई से मंगवाने के लिए तिलौली गांव निवासी व आईटीबीपी के डीआईजी अंगद प्रसाद यादव ने यूएई में भारतीय दूतावास से संपर्क कर शव भेजने की मांग की है। उनकी पहल पर भारतीय दूतावास ने मृतक संदीप के परिवार का डिटेल मांगा है। इस पहल से मृतक के परिवार को एक उम्मीद जगी है।
जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को तिलौली गांव निवासी संदीप यादव की दुबई में मौत हो गई थी। खबर मिलते ही संदीप के घर में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने दुबई से शव को लाने की मांग की। गांव के युवक की दुबई में हुई मौत की जानकारी होने पर आईटीबीपी में डीआईजी और तिलौली गांव निवासी अंगद प्रसाद यादव ने भारतीय दूतावास से संपर्क कर युवक के शव को भेजने की मांग की। संज्ञान लेते हुए भारतीय दूतावास ने संदीप की पत्नी का आधार कार्ड व अन्य जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। डीआईजी ने संदीप से संबंधित सभी जानकारी व दस्तावेज भारतीय दूतावास को उपलब्ध कराया है। उम्मीद की जा रही है कि संदीप यादव का शव बहुत जल्द भारत आ जाएगा।