गोरखपुर। उत्तर प्रदेश टी-20 प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन में गोरक्षनगरी के दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों स्पिनरों ने अपनी फिरकी गेंदबाजी से बल्लेबाजों को फंसाया। दोनों खिलाड़ी पहली बार इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे थे।
गोरखपुर लायंस की टीम में गोरखपुर के विजय यादव और विशाल निषाद का चयन हुआ था। विजय ने सात की इकोनॉमी से छह विकेट चटकाए तो वहीं, विशाल ने चार मैचों में सात विकेट निकाले। गोरखपुर लायंस ने इस सीजन के लिए गोरखपुर में तीन और चार अगस्त को सेंट एंड्रयूज कॉलेज के ग्राउंड पर खिलाड़ियों का ट्रायल लिया था। इसके बाद अंतिम ट्रायल नोएडा में हुआ जिसके बाद इन दोनों खिलाड़ियों का चयन किया गया।
विजय को मिला बेस्ट कैच ऑफ द सीजन का खिताब
राजेंद्र नगर के रहने वाले विजय यादव दोनों हाथों से गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं। वह लेफ्ट आर्म स्पिन और ऑफ ब्रेक बॉलिंग करते हैं। विजय यूपी अंडर-19 टीम के भी सदस्य रहे हैं और शहर से उभरते खिलाड़ियों में से एक हैं। विजय के पिता राजेंद्र यादव यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और माता कांति देवी गृहिणी हैं। सीजन भर कसी गेंदबाजी के साथ ही फील्डिंग में भी विजय ने कमाल किया। फाइनल के बाद उनको बेस्ट कैच ऑफ द सीजन का खिताब और एक लाख रुपये कैश प्राइज भी दिया गया।
-
इंडिया खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका
विशाल निषाद एक मिस्ट्री स्पिनर हैं जो अपनी फिरकी के जाल में बल्लेबाजों को फंसाते हैं। उनकी राइट आर्म स्पिन बॉलिंग को अच्छे-अच्छे बल्लेबाज समझने में मात खा जाते हैं। विशाल बेहद गरीब परिवार से आते हैं। उनके पिता उमेश निषाद राजमिस्त्री का काम करते हैं और माता सुनीता देवी गृहिणी हैं। विशाल ने चार मैचों में कसी हुई गेंदबाजी करके सात विकेट चटकाए। दोनों खिलाड़ियों को भारतीय टीम के भुवनेश्वर कुमार, ध्रुव जुरेल, पीयूष चावला, रिंकु सिंह आदि के साथ खेलने का मौका मिला।