खोराबार। वृद्धा पेंशन बनवाने के नाम पर कुछ डीलरों ने एक बुजुर्ग महिला का मकान व जमीन एग्रीमेंट करवा लिया। पीड़ित महिला को घटना की जानकारी तब हुई, जब उसकी जमीन पर डीलर ग्राहक लेकर पहुंचने लगे। शुक्रवार को पीड़ित महिला अपर पुलिस महानिदेशक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है ।
जानकारी के अनुसार, खोराबार थाना क्षेत्र के जंगल चवरी निवासी कुसुमावती देवी (85) एक बेटा अशोक जो शराब पीने का आदी है। पीड़िता का आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर उसके बेटे के साथ घर पर आता जाता था। अगस्त में डीलरों ने कहा कि अशोक का शराब छुड़ाने के लिए नशा मुक्ति केंद्र चलना पड़ेगा। साथ ही आपका वृद्धा पेंशन भी बनवाना है। दोनों लोगों को गोरखपुर चलना पड़ेगा। वहां ले जाकर धोखा देकर मेरे मकान और जमीन का एग्रीमेंट करवा लिया।
पीड़िता का आरोप है कि गांव में पंचायत हुई तो डीलरों ने अपनी गलती मानी और पीड़िता ने उनके खाते में पांच लाख रुपये भेज दिए। एक सप्ताह में डीलरों ने एग्रीमेंट कैंसिल करने को कहा था, लेकिन वे बाद में अपनी बात से पलट गए।