गोरखपुर। गोरखनाथ इलाके के जाहिदाबाद अंसार मस्जिद के पास एक घर में अवैध रूप से चल रहे बूचड़खाना का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस ने 15 पशु और उसे काटने में इस्तेमाल होने वाले औजार और कटे मांस को बरामद किया। आरोपी फरहान, मोहम्मद अमन और महमूद आलम पर केस दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया। गोरखनाथ थाने में उप निरीक्षक दुर्गेश सिंह ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने तहरीर में लिखा है कि त्योहार को देखते हुए वह क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। रामनगर चौराहे पर मौजूद थे, तभी मुखबिर खास से सूचना मिली कि जाहिदाबाद मोहल्ले में अवैध रूप से बूचड़खाना चलाया जा रहा है। सूचना पर हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए। एक घर में घुसते ही कटे हुए कुछ मीट और फरहान मिला। अंदर कमरे में दो अन्य आरोपी छिपे थे। मौके से ही पशु बरामद किए गए, जिन्हें काटने के लिए रखा गया था। जांच के दौरान काटने वाले औजार भी मिल गए। आरोपियों ने बताया कि वह मांस काटकर बेचने का काम करते हैं।