गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मंगलवार को अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के निर्देश पर प्रभारी/विशेष कार्यधिकारी प्रखर उत्तम के नेतृत्व में टीम ने थाना चिलुआताल क्षेत्र के ग्राम अमवों में राधेश्याम गिरि की ओर से की गई 1.50 एकड़ जमीन पर अवैध प्लाॅटिंग को ध्वस्त कर दिया। उपाध्यक्ष ने बताया कि बिना ले-आउट स्वीकृति कराई गई किसी भी प्लॉटिंग को अवैध माना जाएगा। निर्देश दिए कि अवैध निर्माण व प्लाटिंग के विरुद्ध उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई में सहायक अभियंता संजीव तिवारी व ज्योति राय, अवर अभियंता धर्मेंद्र गौड़, प्रभात कुमार, संजू शाव समेत प्रवर्तन स्टाफ, जिला प्रशासन की ओर से नामित मजिस्ट्रेट और पुलिस बल मौजूद रहा।