चिलुआताल (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के मोहरीपुर में लखनऊ से गोरखपुर मैगी लोड कर आए ट्रक के खलासी की उसी ट्रक से दबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खलासी ट्रक के नीचे आराम कर रहा था, तभी चालक ने गाड़ी चला दी। खलासी की पहचान लखनऊ के गोसाईगंज निवासी आरएन यादव (19) पुत्र रामभरोसे के रूप में हुई है। चिलुआताल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर शाम लखनऊ से गोरखपुर के मोहरीपुर बाजार स्थित शंकर चौराहे पर आरपी ट्रेडिंग कंपनी के लिए मैगी आया था। आरपी ट्रेडिंग कंपनी में दूसरे ट्रक का माल खाली हो रहा था, इस वजह से चालक रोहित ट्रक सड़क के किनारे लगाकर केबिन में आराम करने लगा और खलासी गाड़ी के नीचे लेट गया। जब आरपी कंपनी के लोगों ने ट्रक को आगे बढ़ाने के लिए कहा तो चालक ने गाड़ी आगे बढ़ाई, जिससे खलासी दबकर घायल हो गया। पुलिस खलासी को मेडिकल काॅलेज ले गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।