हरियाणा में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की जालसाजी का मामला सामने आया है। मामले में सहजनवां थाना क्षेत्र के एक युवक निरंजन का नाम भी शामिल है। सोमवार की देर रात हरियाणा पुलिस की टीम सहजनवां पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी के घर पर दबिश दी लेकिन आरोपी घर पर नहीं मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, सहजनवां थाना क्षेत्र के पाली ब्लॉक के एक गांव का निवासी निरंजन कुछ वर्ष पहले रोजगार की तलाश में हरियाणा गया था। वहां उसने कई लोगों को विभिन्न फैक्ट्रियों में काम दिलाने का आश्वासन दिया और कंपनी की ओर से मिलने वाले भुगतान को खुद हड़प लिया।
बाद में कई पीड़ितों ने हरियाणा में इस जालसाजी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पकड़े गए कुछ आरोपियों ने सहजनवां के युवक का नाम उजागर किया, जिसके बाद उसकी तलाश में हरियाणा पुलिस की टीम सोमवार रात गोरखपुर पहुंची।
थानाध्यक्ष महेश चौबे ने बताया कि हरियाणा में दर्ज जालसाजी के एक केस में वहां की पुलिस युवक को गिरफ्तार करने आई थी। दबिश के दौरान आरोपी घर पर नहीं मिला, जिसके बाद टीम लौट गई। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है।