गोरखपुर। भारत-पाकिस्तान में संघर्ष के बीच सोशल मीडिया पर गलत सूचनाएं वायरल की जा रही हैं। जिले में फेक आईडी से गलत पोस्ट कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। ऐसे चार सोशल मीडिया अकाउंट को बंद कराया गया है। इसमें से दो पर तो देश के एक न्यूज चैनल की खबर को ही पोस्ट कर दिया गया था।
अब इसकी जांच साइबर सेल की मदद से गोपनीय विभाग कर रहा है। यह कृत्य करने के पीछे कहीं कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी, कौन लोग हैं, इसके बारे में पता किया जा रहा है। दरसअल, डीजीपी कार्यालय से भी सोशल मीडिया को लेकर गाइडलाइन जारी की गई है।
इसमें कहा गया है कि सोशल मीडिया पर पोस्ट का पुलिस ध्यान दे और गलत पाए जाने पर कार्रवाई करने के साथ ही इसकी भी जांच की जाए कि कहीं साजिशन तो ऐसा नहीं किया गया है। इसकी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी। इसे देखते हुए डिजिटल वालंटियर्स की टीम भी सक्रिय की गई है।
अभी शुक्रवार को ही एक युवक को रामगढ़ताल पुलिस ने ऐसे ही एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भिजवाया है। यह पुलिस के साइबर विशेषज्ञ की देखरेख की वजह से ही संभव हो सका है। ऐसे ही गलत पोस्ट करने वाले चार सोशल मीडिया एकाउंट पर भी कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर मामले सामने आने पर इसकी सीधी जानकारी पुलिस के आला अफसरों को दी जाती है। इसके बाद पूरे मामले में कार्रवाई की जा रही।