मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) की लाइब्रेरी में मंगलवार सुबह अचानक आग से कई कंप्यूटर और लैपटाप जल गए। सुबह करीब 8:30 बजे हुई घटना की सूचना पर कैंट पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची। आधे घंटे में फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने आग को काबू कर लिया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
लाइब्रेरी परिसर विश्वविद्यालय की टीचर कॉलोनी के पास स्थित है। मंगलवार सुबह धुंआ उठते ही कॉलोनी में रहने वाले लोग अनहोनी की आशंका से घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचने से पहले कुछ लोग आग बुझाने की कोशिश भी की। इसी बीच कैंट पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंच गई।
प्रभारी निरीक्षक कैंट संजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। आग की चपेट में आने से कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। हालांकि, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड की टीम नुकसान का आकलन कर रही है।