क्षेत्र के परशुरामपुर गांव निवासी एक यू-ट्यूबर ने पंखे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। शनिवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, मायके वालों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए जांच करने की मांग की है।
क्षेत्र के ग्राम परशुरामपुर निवासी पूर्णमासी निषाद की 25 वर्षीय पत्नी निशा भोजपुरिया यू-ट्यूबर थीं। वह रील बनाकर यू-ट्यूब पर पोस्ट करतीं थीं। दो बच्चे विक्रम (8) तथा चिट्टू (5) के साथ शुक्रवार रात कमरे में सो रही थीं। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे से मोबाइल पर किसी से झगड़ने लगीं। इससे छोटे बेटे की नींद खुली तो उसने सोचा कि मां रील बना रही हैं।
इसके बाद वह सो गया। सुबह नींद से दोनों बच्चे जगे तो निशा का शव पंखे से लटक रहा था। इधर, सूचना पर पहुंचे मायके वाले ने निशा की मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से जांच की मांग की।
इधर, ग्रामीणों के अनुसार निशा का वैवाहिक जीवन सुखमय नहीं था। निशा का उसके पति से विवाद होता रहता था। इससे वह तनाव पूर्ण माहौल में जीवन व्यतीत कर रही थीं। हैदराबाद में काम करने वाला पति करीब एक साल से घर नहीं आया। लोग चर्चा कर रहे हैं कि रात में शायद पति से विवाद के बाद निशा ने फंदे से लटककर खुदकुशी तो नहीं की है। फिलहाल, पुलिस निशा का मोबाइल जब्त कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।