शाहपुर के बशारतपुर के रहने वाले सेवानिवृत कानूनगो रामफल यादव के परिवार के साथ छत्तीसगढ़ से एक महिला जालसाज ने कॉल कर ट्रेडिंग कर शेयर में अधिक मुनाफा कराने के नाम पर 10.94 लाख रुपए ऐंठ लिए। रामफल के बेटे जितेंद्र यादव की तहरीर पर छत्तीसगढ़ के जिला रायपुर के महोवा बाजार की नेहा शर्मा पर साइबर अपराध थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
काननूगो के बेटे जितेंद्र ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि नेहा शर्मा ने प्राॅफिट प्लस ऑफिस का रिलेशनशिप मैनेजर बनकर कॉल की। कहा प्रतिदिन एलगो ट्रेडिंग शेयर का क्रय-विक्रय करके 10 से 30 फीसदी तक फायदा दिया जाता है। नेहा ने मध्य प्रदेश के बैंक खाते में परिवार के पांच सदस्यों के खाते खुलवाए।
इसके बाद पांचों खाते में कुल 10.94 लाख रुपये जमा कराए। इसके बाद ट्रेडिंग करके पहले धनराशि बढ़ाई गई। विड्राल करने का प्रयास किया तो रुपये नहीं मिले। शक होने पर लाइसेंस और डिमैट खाते की जांच कराई तो फर्जी मिली। जितेंद्र का आरोप है कि नेहा ने निजी वेबसाइट पर खाता खुलवाया था।
इसमें ग्राहक रुपये भेज सकता है लेकिन निकाल नहीं सकता है। पहले नेहा ने छोटी-छोटी रकम लगाने पर फायदा कराया। दिवाली में बोली कि पूरी रकम लगा दो, दोगुना हो जाएगा। दिवाली बाद रकम निकालने पर निरस्त कर दिया गया।
ठगी की प्रमुख घटनाएं
छह दिसंबर : सहजनवां के मनोज मिश्रा से 15.11 लाख रुपये की हुई जालसाजी।
अगस्त माह : एम्स के डॉक्टर से 26 लाख की जालसाजी।
अगस्त माह : बुटिक चलाने वाले के साथ आठ लाख की जालसाजी।
जुलाई माह : इंजीनियर से दो करोड़ की जालसाजी।
मई माह : गोला के ब्लॉक कर्मचारी से 32 लाख की जालसाजी।
मार्च माह : पीएनबी के बैंक मैनेजर से 70 लाख रुपये की जालसाजी।
वर्ष 2023 दिसंबर : सीमेंट की दुकान के कर्मचारी से 38 लाख की जालसाजी।
वर्ष 2023 दिसंबर : भलोटिया मार्केट के दुकानदार से नौ लाख की जालसाजी।
बरतें सावधानी
- सेबी की बेवसाइट पर फर्म के रजिस्ट्रेशन की जांच करें।
- अधिकृत फर्म से ही फिजिकली संपर्क करें।
- फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दिखने वाले विज्ञापन से बचें।
- अधिक रुपये की लालच में बिल्कुल भी न फंसे।
- डराने धमकाने पर भी चंगुल में न फंसे।
- जालसाजी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें, रुपये वापस मिलने की संभावना रहती है।
जिले में सबसे अधिक ट्रेडिंग शेयर के चक्कर में लोग फंसकर रुपये गंवा रहे हैं। इससे बचने के लिए खुद जागरूक होना होगा। कोई भी अधिक रुपये कमाने का लालच दे रहा है तो उससे सावधान हो जाएं। सोशल मीडिया के विज्ञापन पर कतई न विश्वास करें:
सुधीर जायसवाल, एसपी क्राइम