कोतवाली इलाके के गैस गोदाम गली में स्थित निजी हॉस्पिटल में बुधवार रात महिला की मौत पर परिजनों ने हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि हॉस्पिटल कर्मचारियों की लापरवाही से महिला की मौत हुई है। हंगामा की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और परिजनाें से बातचीत कर मामले को शांत कराया।
इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। जानकारी के मुताबिक, जाफरा बाजार की शमा फिरदौस (30) को उल्टी होने पर परिजनों ने बुधवार दोपहर में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
रात करीब 10 बजे परिजन महिला को कोतवाली क्षेत्र के गैस गोदाम गली स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवा दिए। वहां पर अचानक महिला की मौत हो गई। इससे नाराज परिजन हंगामा करने लगे। कोतवाली थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस टीम गई थी। परिजन थोड़ी देर बाद शांत हो गए और शव लेकर घर चले गए। तहरीर मिलेगी तो जांच की जाएगी।