गोरखपुर। नगर निगम कार्यालय से संबद्ध अवर अभियंता को फिर से वार्ड आवंटित किए जाने से नाराज शिकायतकर्ता अमरदीप शुक्ला ने जांच में जान बूझकर देरी और लापरवाही का आरोप लगाया है। शिकायत कर्ता का कहना है कि इससे अच्छा है कि जांच ही बंद कर दी जाए। अब वह कोर्ट जाएंगे।
शिकायतकर्ता अमरदीप का कहना है कि उन्होंने अवर अभियंता के खिलाफ 30 जनवरी को नगर आयुक्त से शिकायत की थी। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी। जांच कमेटी ने कई बार आरोप से संबंधित जवाब, अवर अभियंता से मांगे। लेकिन, वह जवाब ही नहीं दे रहे हैं, जिससे जांच आगे नहीं बढ़ पा रही। संबंधित अवर अभियंता का गोरखपुर से अलीगढ़ नगर निगम में तबादला हुआ था, लेकिन उसे रिलीव नहीं किया गया।
वहीं अपर नगर आयुक्त का कहना है कि जांच कमेटी आरोप से जुड़े सभी बिंदुओं का गहनता से परीक्षण कर रही है। जल्द ही जांच रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी जाएगी।