गोरखपुर। रामगढ़ताल इलाके में स्थित न्यू गोरखपुर मेडिसिटी हॉस्पिटल में घुसकर हंगामा करने और कर्मचारियों से मारपीट का मामला सामने आया है। अस्पताल के मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल के मैनेजर नमन शुक्ला ने तहरीर में लिखा है कि रविवार की शाम चार बजे देवरिया के बड़ावन निवासी मरीज ओमप्रकाश यादव को देखने के लिए कुछ लोग आए थे। मरीज 17 सितंबर को भर्ती हुआ था। बेदौली बाबू, बांसगांव का रहने वाला अज्जू सिंह अपने 10-12 अज्ञात साथियों के साथ आया था। उसने बिल के बारे में पूछा तो स्टाफ ने बताया कि 22 हजार 500 रुपये है। इसके बाद अज्जू सिंह ने हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। धमकी दी कि अभी पहचान नहीं रहे हो, पूरे अस्पताल को फूंक दूंगा। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो गए थे। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। अस्पताल के संचालक डॉ. गौरव पांडेय ने बताया कि आरोपियों की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपी फरार हो गए थे।