गोरखपुर। एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. जीके पॉल शनिवार को दिल्ली से पटना लौट गए। अब वह बुधवार को पटना से गोरखपुर आएंगे। इससे पहले उनके दिल्ली से ही सीधे गोरखपुर आने की चर्चा थी। वह दिल्ली में एम्स पटना के संबंध में गए थे। वहीं एम्स के डिप्टी डायरेक्टर प्रशासन भी दिल्ली में हैं और उनके भी बुधवार को ही गोरखपुर आने की चर्चा है।
एम्स में कार्यकारी निदेशक के पुत्र के पीजी में एडमिशन पर सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. गौरव गुप्ता ने सवाल उठाते हुए शिकायत की है। पुलिस को भी ऑनलाइन शिकायती पत्र भेजकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। इस प्रकरण में कार्यकारी निदेशक को अपना बयान दर्ज कराना है। वहीं डॉ. गौरव गुप्ता का भी बयान दर्ज होना है। इसके लिए पुलिस ने 13 सितंबर तक का समय दिया था। कार्यकारी निदेशक मूल रूप से एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक हैं और वे वहां के वित्तीय व प्रशासनिक कार्यों के संबंध में स्वास्थ्य मंत्रालय में अपना प्रजेंटेशन देने गए थे।
-
लाइसेंस लेने पर ही मिलेगी कैंटीन संचालन की अनुमति
गोरखपुर। एम्स परिसर में संचालित पुष्पा फूड एंड सर्विसेज की कैंटीन को दोबारा शुरू करने से पहले एजेंसी को स्थानीय स्तर पर लाइसेंस लेना होगा। गोरखपुर पहुंचे एजेंसी संचालक ने खाद्य एवं सुरक्षा विभाग तथा एम्स के अधिकारियों से मिलकर अपना पक्ष रखा तथा आवश्यक कागजात सौंपा। प्रकरण से जुड़े सूत्रों का कहना है कि बुधवार को ईडी के गोरखपुर आने पर एजेंसी का पक्ष उनके सामने रखा जाएगा। इसके बाद पूरे मामले की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग के जानकारों का कहना है कि एजेंसी को स्थानीय स्तर पर रेस्टोरेंट संचालित करने के लिए नियमानुसार लाइसेंस लेना होगा। इसके बाद ही कैंटीन का संचालन हो पाएगा। ब्यूरो