मैरिज हाउस संचालकों के साथ बैठक करते एडीएम सिटी व पुलिस अधीक्षक नगर।
- फोटो : स्त्रोत- पुलिस
शादी, तिलक या किसी मांगलिक आयोजन की बुकिंग के समय ही आयोजक को बता दें कि हर्ष फायरिंग पर प्रतिबंध है। देर रात डीजे बजाकर शोर भी नहीं करना है। अगर कोई मनमानी करता है तो इसकी सूचना स्थानीय थाने पर तुरंत दें, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। मैरिज हाल के अंदर व गेट के बाहर सीसी कैमरे जरूर लगवाएं ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
ये निर्देश एसपी सिटी अभिनव त्यागी व एडीएम सिटी अंजनी सिंह ने मैरिज हाल संचालकों को दिए। बुधवार को कलक्ट्रेट भवन में आयोजित बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सहालग के समय मैरिज हाल के पास जाम भी न लगने पाए। सबसे ज्यादा दिक्कत ट्रैफिक को लेकर होती है।
शहर का कोई इलाका नहीं बचता है जहां बरात की वजह से लोग जाम में न फंसे हों। कुछ जगह तो बराती पूरी सड़क घेरकर ही नाचते-गाते जाते हैं। रास्ता न मिलने से कई जगह झड़प तक की स्थिति बन जाती है। सभी को ध्यान देना है कि ऐसी स्थिति न पैदा हो। उन्होंने कहा कि सभी मैरिज हाल संचालक अपने सिक्योरिटी गार्ड को मुस्तैद रखें। वे सही ढंग से गाड़ियों की पार्किंग कराएं। सड़क पर बेतरतीब पार्किंग से जाम न लगे, इसका भी ध्यान दें।