गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में पहली बार अमेरिका, श्रीलंका और बांग्लादेश के छात्रों ने प्रवेश लिया है। अभी तक केवल नेपाल से ही छात्र पढ़ने आते थे। भारत सरकार के ‘स्टडी इन इंडिया’ पोर्टल से यह संभव हो सका है।
अंतरराष्ट्रीय सेल के निदेशक डॉ. रामवंत गुप्ता के अनुसार स्टडी इन इंडिया 12 देशों के करीब 82 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विकल्प के रूप में गोरखपुर विश्वविद्यालय को चुना था। कुल नौ छात्र अब तक प्रवेश ले चुके हैं। इनमें अमेरिका के एक छात्र ने एलएलएम में प्रवेश लिया है। अमेरिका का यह छात्र भारतीय मूल का है। बांग्लादेश के एक छात्र ने बीए एलएलबी में प्रवेश लिया है। श्रीलंका के एक छात्र ने समाजशास्त्र में पीएचडी के लिए प्रवेश लिया है।
नेपाल के एक छात्र ने अर्थशास्त्र और एक ने समाजशास्त्र से पीएचडी के लिए प्रवेश लिया है। इसके अलावा एमएससी बायोइंफॉर्मेटिक्स में एक छात्र ने प्रवेश लिया है। तीन छात्रों ने बीएससी में प्रवेश लिया है। वहीं, करीब 10 छात्रों के प्रवेश की प्रक्रिया संबंधित देशों के दूतावासों में चल रही है।