दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में डिग्री छपाई में बड़ी लापरवाही सामने आई है। 500 छात्रों की डिग्री में विषय का नाम ही गलत छप गया है। अधिवक्ता साक्षात्कार के लिए डिग्री ले जाने पर सचाई सामने आई है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन डिग्री वापस मंगवा रहा है।
पिछले दिनों अधिवक्ता पंजीकरण के लिए हुए साक्षात्कार में डिग्री के साथ बहुत से छात्र-छात्राएं पहुंचे थे। वहां इनकी डिग्री पर ‘बीए एलएलबी ऑनर्स’ की जगह ‘बैचलर ऑफ आर्ट्स एंड बैचलर ऑफ लॉज’ लिखा देखकर साक्षात्कार लेने आए विशेषज्ञ चौंक गए।
उन्होंने डिग्री ठीक कराने की नसीहत दी, जिसके बाद छात्र परेशान हो गए। छात्रों ने इसकी शिकायत डीडीयू प्रशासन से की, जिसके बाद यह लापरवाही उजागर हुई। विश्वविद्यालय में सत्र 2018-19 में बीए एलएलबी का पांच वर्षीय कोर्स पहली बार शुरू हुआ था।
पांच साल पढ़ाई पूरी करने के बाद पहला बैच 2023 और दूसरा सत्र 2024 में उत्तीर्ण हुआ। इन दोनों बैच के छात्रों की डिग्री मार्च के अंतिम हफ्ते में बनकर तैयार हुई और वितरित होनी शुरू हुई। सत्र 2023 और 2024 में उत्तीर्ण छात्रों की डिग्री में ‘बैचलर ऑफ आर्ट्स एंड बैचलर ऑफ लॉज’ लिखा है। जबकि इस पर ‘बीए एलएलबी ऑनर्स’ होना चाहिए था।