सहजनवां। भगौरा गांव में रविवार को कुछ लोगों के ईसाई धर्म अपनाने की कोशिश विवाद का कारण बन गया। सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और विरोध जताया, जिससे वहां विवाद उत्पन्न हो गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
विहिप के जिला उपाध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने बताया कि सहजनवां थाना क्षेत्र के भगौरा गांव में चार से पांच लोग करीब सौ ग्रामीणों का धर्म परिवर्तन करा रहे थे। ये लोग प्रलोभन देकर ग्रामीणों को हिंदू से ईसाई धर्म में परिवर्तित कर रहे थे। जब संगठन के लोग विरोध करने पहुंचे, तो धर्म परिवर्तन कराने वालों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
सूचना पर पीआरवी पुलिस और थाने की टीम मौके पर पहुंची। महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसओ महेश चौबे ने कहा कि जांच अभी जारी है और प्रारंभिक पूछताछ में कुछ प्रार्थना संबंधी बातें सामने आई हैं।