गोरखपुर। लगातार दो दिनों तक हुई बारिश के बाद शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि, बारिश कम होने के बाद नाले-नालियों से पानी निकलता गया। नगर निगम को 70 से अधिक स्थानों पर जलनिकासी के लिए पंप चलाने पड़े।
सितंबर की पहली बारिश बृहस्पतिवार से शुरू हुई तो शुक्रवार को भी थमने का नाम नहीं ली। तमाम सड़कों एवं गलियों में जलभराव हो गया। जलभराव की वजह से लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह विद्यार्थी और कामकाजी महिला-पुरुष भीगते हुए जाते-जाते दिखे। गोपलापुर, दाउदपुर मलिन बस्ती, इंदिरानगर में सड़क पर काफी पानी भर गया। सुबह से ही लोगों को घर से बाहर निकलने में परेशानी हुई। बाइक रास्ते में ही बंद होने लगीं। दो पंप लगाने के बावजूद शुक्रवार की शाम तक सड़क से बारिश का पानी निकल नहीं पाया।
महुईसुधरपुर क्षेत्र के शिवाजीनगर, सर्वोदय नगर और विवेकपुरम में भी जलभराव से लोगों को मुश्किल हुई। नौसड़ के जवाहर चक और नौसड़ चौराहे के पास जलभराव से परेशानी का सामना करना पड़ा। खोराबार के खाले टोला, रानीडीहा और अरण्य बिहार, नंदानगर में गोकुलपुरम कॉलोनी, सैनिक कुंज में कुछ स्थानों पर जलभराव की समस्या हुई। सिंघड़िया के वसुंधरानगर, स्वर्ण सिटी, प्रज्ञापुरम, कमलेश्वरपुरम, गोरक्षनगर, श्रवण नगर सरीखी नई कॉलोनियों में जलभराव से जन जीवन प्रभावित हुआ। स्पोर्ट्स कॉलेज रोड से सटे गणेशपुरम, गायत्रीपुरम, हरिद्वारपुरम, रामजानकी नगर आदि कॉलोनियों में कई स्थान पर जलभराव की समस्या हुई। मेडिकल कालेज रोड के भेड़ियागढ़, विष्णुपुरम कॉलोनी, ओमनगर, बशारतपुर, अशोकनगर, राप्तीनगर डॉक्टर्स इंक्लेव, राप्तीनगर, चरगावां में भी जलभराव की समस्या हुई।
महेवा मंडी में भी जलभराव
बारिश के बाद महेवा फल एवं सब्जी मंडी में भी पानी लग गया। रास्ते पर कचरा फेंकने की वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई। बारिश की वजह से कम गाड़ियां भी आईं। छुट्टा पशु फेंकी हुई फल एवं सब्जी को खाते नजर आए।
बारिश के बीच सड़क पर उतरे नगर आयुक्त
शुक्रवार को सुबह बारिश के दौरान ही नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल जलभराव का जाएजा लेने के लिए सड़क पर उतरे। उन्होंने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जलनिकासी कराने के लिए निर्देशित किया। नगर आयुक्त ने मुंशी प्रेमचंद पार्क के पास जलभराव का जाएजा लिया। जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक और निर्माण विभाग के अभियंता को लगातार पंप संचालित करने के निर्देश दिए। गोपलापुर दाउदपुर में केवल एक ही पंप चलता पाए जाने पर सख्त नाराजगी व्यक्त की। तत्काल दूसरा पंप शुरू कराया। दो जेसीबी मंगवा कर रुस्तमपुर की ओर से पैड़लेगंज जाने में सिक्सनेल नाला निर्माण से बाधित जलप्रवाह को खुलवाया। उन्होंने बिलंदपुर, विजय चौक, सिविल लाइन एचपी स्कूल मार्ग, पादरी बाजार के निचले क्षेत्रों में भी बारिश का जाएजा लिया। निरीक्षण पर निकले मुख्य अभियंता संजय चौहान को निरंतर नालियों की सफाई कराने एवं जलभराव वाले स्थलों पर स्थापित पंप सेट को लगातार चलाने के निर्देश दिए।