एक इंजीनियर की ओर से डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र से हड़कंप मच गया है। इंजीनियर ने पत्र में लिखा है कि शहर के एक पॉश कॉलोनी के चार फ्लैट में पाकिस्तान और चीन के नागरिक छिपे हैं। यहां दो रशियन महिलाएं भी आती हैं। रात में ड्रग्स का धुआं उड़ाया जाता है। यही नहीं, ड्रग्स की खरीद-फरोख्त भी होती है। इस मामले की जांच सीओ एलआईयू को सौंपी गई है।
जानकारी के मुताबिक, इंजीनियर अभिषेक त्रिपाठी का डीएम के पास एक पत्र आया है। डीएम को भेजे गए पत्र में लिखा गया है कि पिछले कुछ दिनों से चार फ्लैट में संदिग्ध लोग रह रहे हैं। इसमें से एक शख्स अपने कार के डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी रखता है, वह खुद को पुलिसकर्मी बताता है।
हालांकि वह पुलिस वाला नहीं है। इसी की मदद से छिपे पाकिस्तान व चीन के नागरिक गलत गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। पत्र में उसने एक फिल्म का भी जिक्र किया है, जिसमें अपराध के तरीकों को दिखाया गया है।
इंजीनियर ने आशंका जाहिर की है कि फिल्मी अंदाज में ये लोग अपराध को अंजाम दे रहे हैं। खुद को बचाने के लिए दिन में छिपकर रहते हैं। शाम को इनसे मिलने-जुलने वालों का आना-जाना बढ़ जाता है। डीएम ने पत्र को एसपी के पास भेजा है। एसपी सिटी ने मामले की जांच सीओ एलआईयू को सौंपी है।
पत्र के माध्यम से मिली जानकारियों की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी:
अभिनव त्यागी, एसपी सिटी