गोरखपुर। मोहद्दीपुर स्थित रिलायंस मार्ट में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को जांच की। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सुधीर कुमार की अगुवाई में पहुंची जांच टीम ने काउंटर और स्टोर में रखे सामान की जांच की। इस दौरान दाल में कीड़े मिले, जबकि स्टोर में भी कॉकरोच घूम रहे थे। यहां से दाल, बेसन और सूजी के पांच नमूने लिए गए। मार्ट के संचालक को नोटिस दिया गया है। मौके से दो क्विंटल दाल जब्त की गई है। सैंपल की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
एक ग्राहक ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से शिकायत की थी कि मोहद्दीपुर स्थित रिलायंस मार्ट में बिकने वाले दाल, चावल व अन्य खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता ठीक नहीं रहती है। शनिवार दोपहर में सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त सुधीर कुमार की अगुवाई में एफएसओ हितेंद्र मोहन त्रिपाठी, शैलेंद्र श्रीवास्तव, प्रतिमा तिवारी, आभा, नागेंद्र आदि की टीम जांच को पहुंची। टीम ने पाया कि काउंटर से बिकने वाली मिक्स दाल में कीड़े दिख रहे थे। इसका नमूना लेने के साथ ही बेसन और सूजी का भी नमूना लिया गया। इसके बाद टीम मार्ट के स्टोर में पहुंची। टीम ने देखा कि स्टोर में कॉकरोच घूम रहे थे और वहां रखी करीब दो क्विंटल दाल में भी कीड़े थे। इसके बाद टीम ने वहां रखी दाल को जब्त करा दिया। इसके बाद भंडारण की खराब व्यवस्था और गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर स्टोर संचालक को नोटिस दिया गया।
-
वर्जन
शिकायत के आधार पर रिलायंस मार्ट में जांच की गई। वहां से दाल, सूजी, बेसन के कुल पांच नमूने लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। कीड़े वाली दाल जब्त कर ली गई है। नमूनों के परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई होगी। स्टोर संचालक को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है।
डॉ. सुधीर कुमार, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा