मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर में जाम लगने पर सख्त रुख अपनाया है। सीएम ने अधिकारियों को जाम के कारणों को चिन्हित कर उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग प्रयागराज व अयोध्या गए हैं।
उनके आवागमन को लेकर उचित व्यवस्था की जाए। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यह सुनिश्चित किया जाए कि ट्रैफिक मूवमेंट बना रहे। साथ ही शहर में पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। महाकुंभ और अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं को तीन दिन से जाम का सामना पड़ रहा है। ज्यादा भीड़ जुटने से शहरवासी भी जाम से परेशान हैं।
शुक्रवार सुबह से ही नौसड़ समेत कई स्थानों पर निजी और सरकारी बसों के एक साथ आने से लंबा जाम लगा रहा। दोपहर में गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने इस स्थिति को भांपा औप गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों से जाम से निजात पाने के लिए किए गए प्रबंधन की जानकारी ली। इसके पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन किया एवं ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया।
अयोध्या में भीड़भाड़ को देखते हुए किन स्थानों पर डायवर्जन किया गया है इसकी जानकारी अधिकारियों ने दी। सीएम ने कहा कि सड़क किनारे पटरियों और नालों पर बने स्लैब पर ठेले-खोमचे लगाने वाले वेंडरों को व्यवस्थित किया जाए। सुनिश्चित हो कि वे वेंडिंग जोन में ही अपने ठेले-खोमचे लगाएं।
सड़क पर जहां भी जाम की स्थिति बनती है, कारणों को चिन्हित कर उसे दूर कराएं। बाजारों में वाहन पार्किंग में ही खड़े कराए जाएं। सड़कों पर गाड़ियां खड़ी होने से भी जाम लगता है।
मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि मल्टीस्टोरी आवासीय इमारतों के साथ ही व्यावसायिक इमारतों में भी पार्किंग की जगह खाली कराई जा रही है। शहर के विकास कार्यों के प्रगति की जानकारी डीएम कृष्णा करुणेश से ली। सीएम ने सड़क
और ओवरब्रिज के साथ ही जल निकासी से जुड़े कार्यों को समय से पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
महाकुंभ से लौटी बसें... वाराणसी रोड पर लगा जाम
प्रयागराज महाकुंभ से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही बसों के कारण शुक्रवार सुबह वाराणसी रोड पर भीषण जाम लग गया। बाघागाड़ा से नौसड़ तक गाड़ियों की कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त टीम लगी तब जाकर रास्ता खाली हो सका।
शुक्रवार सुबह 8:30 बजे के करीब वाराणसी रोड से नौसड़ तक जाम लग गया। इसमें सबसे ज्यादा रोडवेज की बसें थीं, जो प्रयागराज से यात्रियों को लेकर लौट रही थीं। जाम में स्कूली बसें भी थीं, जिससे बच्चों को स्कूल पहुंचने में देरी हुई। करीब एक किलोमीटर तक गाड़ियों की कतार थी।
बाइक सवार तो किसी तरह विपरित दिशा से होकर निकल गए लेकिन चार पहिया और दूसरे वाहन जाम में फंसे रहे। कौड़ीराम के अभिषेक कार से थे। करीब आधे घंटे जाम में फंसे रहे। कहा कि बसों की वजह से रास्ता जाम हो गया है। रंजीत परिवार संग महाकुंभ से वापस आ रहे थे। बताया कि पहले प्रयागराज में जाम में फंसे रहे। गोरखपुर पहुंचे तो यहां भी फंसना पड़ा।
डेढ़ घंटे बाद करीब 10 बजे टीएसआई रामवृक्ष यादव के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस की एक और टीम आई और वाहनों को सही तरीके से निकालना शुरू किया। इसके बाद थोड़ी देर में ही रास्ता खाली हो गया।