गोरखपुर। डोमिनगढ़ स्टेशन पर मेगा ब्लॉक के चलते कई ट्रेनें लखनऊ तक चलाई जाएंगी। वहीं 27 अक्तूबर को प्रयागराज से वंदेभारत ट्रेन ढाई घंटे देर से चलेगी। कुल 18 ट्रेनें देर से चलाई जाएंगी।
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस बापूधाम मोतिहारी से 17, 20, 22, 24 एवं 27 अक्तूबर को निरस्त रहेगी। वहीं गोमती नगर से 15 से 28 अक्तूबर तक चलने वाली गोमती नगर-नकहा जंगल एक्सप्रेस भी निरस्त रहेगी। इसके अलावा सीतापुर से 15 से 28 अक्तूबर तक चलने वाली सीतापुर-गोंडा अनारक्षित विशेष गाड़ी को भी निरस्त किया गया है। इसके अलावा हैदराबाद से 18 व 25 अक्तूबर को चलने वाली हैदराबाद-गोरखपुर विशेष गाड़ी गोरखपुर के स्थान पर गोमती नगर में यात्रा समाप्त करेगी। यह ट्रेन गोरखपुर से गोमतीनगर के बीच कैंसिल रहेगी।
वडोदरा-गोरखपुर विशेष गाड़ी भी गोरखपुर के स्थान पर गोमती नगर में यात्रा समाप्त करेगी। दौराई-बढ़नी भी गोमतीनगर स्टेशन तक ही चलाई जाएगी। आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर एक्सप्रेस लखनऊ जं. तक ही चलेगी। छपरा से 14 से 24 अक्तूबर तक चलने वाली छपरा-नौतनवा एक्सप्रेस, नौतनवा के स्थान पर गोरखपुर कैंट तक ही चलेगी। इस ब्लाॅक के चलते बरौनी-मुंबई सेंट्रल और लखनऊ-बरौनी समेत सात ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है।
इसके अलावा प्रयागराज जं. से 27 अक्तूबर को चलने वाली प्रयागराज जं.-गोरखपुर जं. वंदे भारत एक्सप्रेस प्रयागराज जं. से ढाई घंटे देर से चलेगी। बांद्रा टर्मिनस-बरौनी एक्सप्रेस बांद्रा टर्मिनस से तीन घंटे देर से चलेगी।