जीडीए टीम के सामने मारपीट करने के आरोपी पिता-पुत्र समेत अज्ञात तीन से चार आरोपियों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सहारा इंडिया काॅमर्शियल काॅरपोरेशन लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि राकेश कुमार मिश्रा की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सहारा इस्टेट आवासीय कल्याणकारी समिति गोरखपुर ने मंडल हाउस को अवैध होने एवं अनैतिक कार्य की शिकायत विकास प्राधिकरण गोरखपुर में की थी। कंपनी का सहारा इस्टेट गोरखपुर में मंडल हाउस निर्मित है। कंपनी ने जीडीए से नक्शा पास नहीं कराया था।
मंडल हाउस में बीते कुछ दिनों से अनैतिक कार्य कराया जा रहा था। जीडीए ने 19 नवंबर 2024 को मंडल हाउस को ध्वस्त करने का आदेश दिया था। राकेश कुमार मिश्रा आदेश के अनुपालन में 25 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे जीडीए की टीम के साथ सहारा इस्टेट मंडल हाउस के ध्वस्तीकरण का निरीक्षण कराने गए थे।
आरोप लगाया कि वहां पहले से मौजूद प्रमोद राव उर्फ मुन्ना सिंह, आकाश राव उर्फ शिवम, अन्वेश राव उर्फ गोलू तीन से चार लोगों के साथ मिलकर टीम के सामने गाली देते हुए पीटने लगे। जान से मारने की धमकी देते हुए जेब में रखे 1550 रुपये छीन लिए। इसके बाद विकास प्राधिकरण की टीम वापस लौट गई।