फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: युवक का अपहरण कर फर्जी चोरी का वीडियो बनाने वालों पर केस

विज्ञापन
विज्ञापन
गोरखपुर। खनन अधिकारी के केस दर्ज कराने से नाराज मनबढ़ों ने बड़गहन निवासी मोनू यादव का अपहरण किया था। वह खजनी क्षेत्र के सियर में चल रहे काम को देखने गया था। इसी दौरान उसे एक कमरे में बंद कर फर्जी चोरी का वीडियो बनाकर छपिया पशु बाजार के पास छोड़ दिया था। इस घटना से आहत मोनू को हार्ट अटैक आ गया था। पल्स हार्ट सेंटर में उसका उपचार हुआ। मंगलवार को उसने खजनी थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने छपिया निवासी अर्जुन यादव, करन, छताई के जयकरन यादव, नंदपार के आशीष यादव, गीडा के एकला निवासी फागू यादव व रवि यादव और 12 अज्ञात पर केस दर्ज किया।
विज्ञापन


मोनू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 सितंबर को नंदापार व सियर के बीच कुछ लोग अवैध मिट्टी खनन करा रहे थे। जहां पर खनन विभाग ने छापा मारकर उनकी गाड़ी को गीडा पुलिस को सुपुर्द करते हुए केस दर्ज कराया। इसी बीच रात 1:30 बजे सियर से काम देखकर वह घर जा रहा था। आरोपियों ने उसे रोकते हुए बाइक छीन ली, कहने लगे कि खनन विभाग को सूचना देकर क्यों पकड़वाए हो। इसके बाद सभी ने मिलकर मारापीटा। अर्जुन व फागू ने पिस्टल सटाकर कार में बैठा लिया और अलग-अलग जगहों पर ले जाकर पिटाई की। अंत में अर्जुन अपने घर ले गया और एक कमरे में कुर्सी पर बैठा दिया, आलमारी से सामान निकालकर बिखेर दिया।

एक अन्य युवक ने मोनू का वीडियो बनाया। धमकी दी कि फर्जी चोरी के केस में फंसाया जाएगा। भोर में पांच बजे आरोपी छपिया पशु बाजार के पास छोड़कर चले गए, मोबाइल भी तोड़ दिए। इस घटना से वह आहत चल रहा था। 17 सितंबर की रात में मोनू के सीने में दर्द हुआ। परिजन पल्स हार्ट सेंटर लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने आईसीयू में भर्ती कर उसका उपचार किया। चिकित्सकों ने बताया कि जांच में हार्ट अटैक का मामला आया है। एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर बंधक बनाने, मारपीट समेत अन्य धारा में आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। खजनी पुलिस पीड़ित पक्ष से पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें