रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के नौका विहार के पास शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में स्कॉर्पियो से टकरा गई। हादसे में रुस्तमपुर निवासी समीर शुक्ला (30) की मौत हो गई, जबकि साथी अनुपम ओझा घायल हो गए। वहीं स्कॉर्पियो सवार युवक और एक ई-रिक्शा चालक घायल हो गए। स्कॉर्पियो सवार एनएचआई का अधिकारी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ताल थानाक्षेत्र के रुस्तमपुर निवासी प्रदीप शुक्ला बैंक में कार्यरत हैं। उनके दो बेटे नौसेना में सेवाएं दे रहे हैं। जबकि उनका तीसरा बेटा समीर शुक्ला घर पर ही रहता था। पुलिस ने बताया कि समीर शुक्ला शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे अपनी कार से तारामंडल के सिद्धार्थनगर कॉलोनी निवासी अपने दोस्त अनुपम ओझा के साथ नौका विहार से पैडलेगंज की ओर जा रहे थे।
तभी कार पैडलेगंज से करीब 10 कदम पहले ही अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा टकराई। हादसे के बाद राहगीर कार में फंसे युवकों को निकालने की कोशिश करने लगे। सूचना पर रामगढ़ताल पुलिस भी पहुंच गई और कार से दोनों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
हादसे के दौरान समीर ने सीट बेल्ट नहीं लगाया था। इस वजह से एयरबैग नहीं खुल सका और उन्हें सिर में गंभीर चोट लग गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में कार की तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और लोगों से सच्चाई जानने का प्रयास किया जा रहा है:
योगेंद्र सिंह, सीओ कैंट